गाजीपुर। सैदपुर विधानसभा क्षेत्र में ग्राम चांदपुर पोस्ट सिंगापुर मार्ग क्षतिग्रस्त व गड्ढा होने के कारण मार्ग में पानी और कीचड़ से जुड़ी समस्या को लेकर विधायक अंकित भारती ने जिलाधिकारी को पत्र देकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। विधायक ने पत्र में बताया कि मार्ग जगह-जगह क्षतिग्रस्त होने के साथ ही गड्ढों में तब्दील हो गया है। बारिश के बाद सड़क पर पानी और कीचड़ जमा होने से ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि मार्ग की खराब स्थिति के कारण राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों को आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव और कीचड़ के चलते स्थिति और अधिक खराब हो गई है।
अंकित भारती ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कराने तथा मार्ग की मरम्मत एवं जलनिकासी की उचित व्यवस्था कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मार्ग दुरुस्त होने से ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलेगी और जलभराव की समस्या का भी समाधान हो सकेगा। विधायक ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आग्रह किया, ताकि क्षेत्रवासियों को इस समस्या से राहत मिल सके और किसी संभावित दुर्घटना को टाला जा सके।
जयप्रकाश चंद्रा, ब्यूरो चीफ गाज़ीपुर

















