आजमगढ़ जिले के निजामाबाद नगर पंचायत क्षेत्र में तमसा नदी के किनारे स्थित प्रमुख घाटों की हालत खराब बताई जा रही है। सतीघाट, कालीघाट, महादेव घाट और शिवाला घाट पर गंदगी फैली होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इन घाटों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पूजा-पाठ और धार्मिक कार्यों के लिए पहुंचते हैं, लेकिन सफाई की उचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय समाजसेवी अरुण कुमार और समाजसेविका कुलदीप कौर ने आरोप लगाया है कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को लिखित शिकायत दी गई, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई दिखाई नहीं दी। उनका कहना है कि तमसा नदी की साफ-सफाई के नाम पर योजनाएं और बजट की बात तो होती है, लेकिन घाटों की मौजूदा स्थिति कई सवाल खड़े कर रही है। समाजसेवियों का कहना है कि यदि समय रहते घाटों की सफाई और रखरखाव की व्यवस्था नहीं की गई, तो इससे न केवल नदी का पर्यावरण प्रभावित होगा बल्कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था भी आहत होगी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि तमसा नदी के घाटों की साफ-सफाई को लेकर तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं और जिम्मेदार विभाग स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करे।
*संजय कुमार निजामाबाद की रिपोर्ट*
निजामाबाद में तमसा नदी के घाट बदहाल, सफाई व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
In



















