सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश में ब्राह्मण/पंडित समाज के कथित अपमान के विरोध में कांग्रेसियों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। यह ज्ञापन जिला कांग्रेस अध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा के नेतृत्व में तथा शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शकील अंसारी की उपस्थिति में दिया गया। ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश में ब्राह्मण समाज के साथ हो रहे कथित भेदभाव और हाल ही में आयोजित यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा में पूछे गए विवादित प्रश्न पर कड़ी आपत्ति जताई। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि कुछ समय पूर्व प्रयागराज में आयोजित माघ मेले के दौरान धर्माचार्य स्वामी अभिमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को कथित रूप से अपमानित किए जाने की घटना ने भी समाज की भावनाओं को आहत किया है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ऐसी घटनाएं समाज में असंतोष और आक्रोश पैदा करती हैं।
इस अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने कहा कि प्रदेश में लगातार ब्राह्मण/पंडित समाज की भावनाओं को आहत करने वाली घटनाएं सामने आ रही हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज का अपमान लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और कांग्रेस पार्टी इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। पीसीसी सदस्य प्रमोद मिश्र ने मांग की कि विवादित प्रश्न की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए तथा परीक्षार्थियों को न्याय दिलाया जाए। वहीं वरिष्ठ नेता हरीश त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा सरकार के शासनकाल में समाज के विभिन्न वर्गों के साथ अन्याय और भेदभाव की घटनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा सामाजिक सद्भाव और सभी जाति-धर्म के सम्मान की पक्षधर रही है। शहर अध्यक्ष शकील अंसारी ने कहा कि सरकार को चाहिए ऐसी घटनाओं पर तुरंत रोक लगाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे, ताकि समाज में भाईचारा और विश्वास बना रहे। पूर्व प्रदेश सचिव राहुल त्रिपाठी और पूर्व मीडिया कोर्डिनेटर राजेश तिवारी ने मांग की कि विवादित प्रश्न के अंक सभी परीक्षार्थियों को दिए जाएं तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, पूर्व सभासद अमोल बाजपेयी ने भाजपा सरकार के इस कृत्य की कड़ी भर्त्सना करते हुए कहा कि जब से योगी मुख्यमंत्री बने हैं तब से लगातार एक समाज विशेष को टारगेट बनाए हैं जो की अत्यंत ही गलत है। इस मौके पर सरदार रणजीत सिंह सलूजा,सलाहुद्दीन हाशमी,शरद श्रीवास्तव, मोहसिन सलीम,असलम अंसारी,गुड्डू जायसवाल, उमाकांत तिवारी,मो मंसूर, अवधेश गौतम,देवेंद्र श्रीवास्तव,विनोद तिवारी,मो अशरफ,राहुल मिश्रा,अजय मिश्रा, हसीब ,आदर्श मिश्रा,दिनेश तिवारी,समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे।

















