गाजीपुर। यूपीआई के माध्यम से होने वाली साइबर ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना जंगीपुर साइबर सेल ने तीन पीड़ितों की ठगी गई कुल 7,103 रुपये की धनराशि वापस करा दी। पुलिस की कार्रवाई से पीड़ितों को राहत मिली और उन्होंने साइबर सेल की टीम का आभार जताया। पुलिस के अनुसार, गोविंद सिंह यादव पुत्र जीतू सिंह यादव निवासी ग्राम देवकथिया, थाना जंगीपुर के साथ यूपीआई के माध्यम से फ्रॉड हुआ था, जिसमें उनके 1,011 रुपये ठगी किए गए। इसी प्रकार आरती पत्नी संजय गुप्ता, निवासी वार्ड नंबर-03 निहाल नगर, थाना जंगीपुर के साथ हुई साइबर ठगी में 3,192 रुपये तथा मो. आरिफ पुत्र एहसान खान, निवासी ग्राम मानपुर के साथ हुई ठगी में 2,900 रुपये की धनराशि चली गई थी। तीनों पीड़ितों ने घटना की जानकारी मिलने के बाद तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होते ही थाना जंगीपुर साइबर सेल ने मामले में त्वरित कार्रवाई शुरू किया। साइबर सेल की कार्रवाई के परिणामस्वरूप 2 अक्टूबर 2026 को NCRP पोर्टल के माध्यम से तीनों आवेदकों की ठगी गई कुल 7,103 रुपये की धनराशि उनके खातों में वापस कराई गई।
धनराशि वापस मिलने के बाद पीड़ितों ने पुलिस टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए उनका हृदय से धन्यवाद किया। पुलिस की इस कार्रवाई से एक बार फिर यह सामने आया कि साइबर फ्रॉड होने पर पीड़ित द्वारा बिना देरी किए 1930 पर शिकायत दर्ज कराना धनराशि की रिकवरी में महत्वपूर्ण हो सकता है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी होने की स्थिति में घबराएं नहीं और तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि ठगी गई धनराशि को रोकने और वापस कराने के लिए समय रहते कार्रवाई की जा सके।
जयप्रकाश चंद्र, ब्यूरो चीफ गाज़ीपुर















