पत्रकार – मनोज कुमार
शाहगंज (जौनपुर)। अधिवक्ता समिति शाहगंज का बहुप्रतीक्षित चुनाव अब नजदीक है। चुनाव समिति ने मंगलवार को इसकी औपचारिक घोषणा कर दी। 20 सितंबर 2025 को सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान संपन्न कराया जाएगा।
चुनाव समिति के ऐलान के साथ ही तहसील परिसर पूरी तरह चुनावी रंग में रंग चुका है। प्रत्याशी अधिवक्ता मतदाताओं को साधने के लिए जी-जान से जुटे हुए हैं। मंगलवार को विभिन्न पदों हेतु नामांकन प्रपत्र का विक्रय हुआ।
अध्यक्ष पद के लिए एडवोकेट सुभाष चंद्र यादव, लालजी यादव, लालचंद यादव, पुष्पकांत यादव और अमरनाथ सिंह ने नामांकन पत्र खरीदा। वहीं उपाध्यक्ष पद पर धर्मेंद्र कुमार यादव, नवल किशोर अग्रवाल और सूर्यमणि तिवारी मैदान में हैं।
सबसे अधिक उत्साह महामंत्री पद के लिए देखा गया। इसमें एडवोकेट राजीव कुमार सिंह ‘डब्बू’, रामजी विश्वकर्मा, रामचंद्र बिंद, जयप्रकाश यादव और लक्ष्मी शंकर यादव ने नामांकन पत्र लिया।
चुनाव प्रचार के दौरान उम्मीदवार अपने-अपने घोषणा पत्र में वादों की झड़ी लगा रहे हैं। कोई विकास और पारदर्शिता का दावा कर रहा है, तो कोई तहसील परिसर में जलापूर्ति और जनरेटर व्यवस्था को मुद्दा बना रहा है।
अब सबकी निगाहें 20 सितंबर पर टिकी हैं, जब यह तय होगा कि अधिवक्ता समिति शाहगंज की कमान किसके हाथ में जाएगी।