जौनपुर। खुटहन थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को लगातार चुनौती मिल रही है। महज 13 दिनों के भीतर सर्राफा कारोबारियों की दुकानों में दूसरी चोरी की वारदात ने व्यापारियों की नींद उड़ा दी है। इस बार चोरों ने थाने से करीब चार किलोमीटर दूर गौसपुर बाजार में एक आभूषण की दुकान का ताला तोड़कर आठ हजार रुपये नकदी समेत हजारों रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
हैरानी की बात यह है कि बीते 26 अक्टूबर को चोरों ने खुटहन बाजार में थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित कमलेश ज्वेलर्स को निशाना बनाया था। उस घटना के बाद भी चोरों पर अंकुश नहीं लग सका और अब गौसपुर बाजार में दूसरी वारदात को अंजाम दे दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, इमामपुर गांव निवासी छंगनलाल सोनी की गौसपुर बाजार में आभूषण की दुकान है। सोमवार की रात अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आलमारी में रखे आठ हजार रुपये नकद, दो जोड़ी पायल और दो जोड़ी कान के बुंदे लेकर फरार हो गए। मंगलवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालक ने टूटा ताला और बिखरा सामान देखा तो उनके होश उड़ गए।
राहत की बात यह है कि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरी की पूरी वारदात कैद हो गई है। पीड़ित ने डीवीआर पुलिस को सौंपते हुए अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है।
इस संबंध में इंस्पेक्टर विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर खुटहन क्षेत्र में चोरों के हौसले इतने बुलंद क्यों हैं ? जब 13 दिनों में दो सर्राफा दुकानों को निशाना बनाया जा चुका है, तो क्या पुलिस की रात्रि गश्त पर्याप्त है ? लगातार हो रही घटनाओं से व्यापारियों में भय और नाराजगी है। अब व्यापारियों को पुलिस की कार्रवाई का इंतजार है। देखना होगा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस कब तक चोरों तक पहुंचती है और बाजारों में सुरक्षा का भरोसा कैसे बहाल करती है।











