शराब पीने से रोकने पर युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, 5 आरोपी गिरफ्तार

0
30


जौनपुर। खेतासराय थाना क्षेत्र के अमरेथुआ गांव में शराब पीने से मना करना एक युवक को भारी पड़ गया। मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपियों ने युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 अप्रैल की रात करीब 9 बजे संदीप राजभर ने गांव के कुछ युवकों को शराब पीने से रोका। इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते गंभीर विवाद में बदल गई। आरोप है कि नाराज युवकों ने संदीप पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही खेतासराय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव एवं क्षेत्राधिकारी शाहगंज अजीत सिंह चौहान के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम गठित की गई।
थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 2 अप्रैल को एक पुलिया के पास से पांचों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में सचिन राजभर, विकास राजभर उर्फ गोलू, विकास राजभर उर्फ विकेश, आदित्य तथा अमर राजभर उर्फ गोरेलाल शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। वहीं घायल युवक का उपचार जारी है।
— ब्यूरो रिपोर्ट: संजय कुमार, जौनपुर

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें