यू पी बोर्ड परीक्षा मे उत्कृष्ट परिणाम से गूंजा शोभावती देवी इंटर कॉलेज परिसर,मेधावी छात्रों का किया गया सम्मान

0
1

 

सुल्तानपुर

श्रीमती शोभावती देवी इंटर कॉलेज, रघुनाथनगर, घाटमपुर में मेधावी छात्रों के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को मंच पर सम्मानित किया गया, जिससे पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय राजेश गौतम ने अपने संबोधन में कहा कि “ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों द्वारा इस प्रकार का उत्कृष्ट प्रदर्शन यह सिद्ध करता है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो सफलता अवश्य मिलती है।” उन्होंने छात्रों को निरंतर प्रयास और उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित किया।

इंटरमीडिएट की छात्रा प्रियांशी मौर्या ने 457 अंक (91.4%) प्राप्त कर जिले में आठवां तथा विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल कर टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया। वहीं दीपिका यादव (427 अंक, 85.4%) द्वितीय तथा शीतल दुबे (421 अंक, 84.9%) तृतीय स्थान पर रहीं। इसके अतिरिक्त शिवम्, हरिनाथ, अनुराग, आदर्श, किशन यादव, शुभम मोदनवाल, शिवानंद सहित अन्य विद्यार्थियों ने भी सराहनीय प्रदर्शन किया।

हाईस्कूल वर्ग में निधि गौरव ने 550 अंक (91.66%) प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। हर्षित मिश्रा (545 अंक, 90.83%) द्वितीय तथा लाडली (544 अंक, 90.66%) तृतीय स्थान पर रहीं। साथ ही अनुज गुप्ता, श्रेया, काजल, अभिषेक कुमार, अजीत, आदित्य राजभर, रिया सहित अन्य छात्रों ने भी उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।

विद्यालय के प्रबंधक डॉ. जे.पी. दुबे ने छात्रों की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि “यह उपलब्धि विद्यार्थियों के कठिन परिश्रम, शिक्षकों की समर्पित मेहनत और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। विद्यालय भविष्य में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति प्रतिबद्ध रहेगा।”

विशिष्ट अतिथि गणेश राम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “आज का यह सम्मान केवल उपलब्धि का उत्सव नहीं, बल्कि आगे और बेहतर करने की प्रेरणा भी है। विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए।”

प्रधानाचार्य अलख निरंजन पाण्डेय ने कहा कि “हमारे विद्यार्थियों ने अनुशासन और लगन के बल पर यह सफलता प्राप्त की है। यह पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है।” वहीं डॉ. सुभाष चन्द्र यादव (आर.के. महाविद्यालय) एवं अनुराग पाण्डेय (आर.के. कॉलेज ऑफ फार्मेसी) ने भी छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम का संचालन कमलेश कुमार एवं अभय दुबे द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। समारोह के अंत में सभी मेधावी छात्रों को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय परिवार ने इस अवसर को “गौरव का क्षण” बताते हुए सभी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें