सुल्तानपुर
श्री विश्वनाथ इंटर कॉलेज, कलान के विद्यार्थियों ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं में अभूतपूर्व सफलता अर्जित कर जिले में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा दिया। विद्यालय का परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जिसमें प्रत्येक विद्यार्थी ने सफलता का स्वाद चखा।
इंटरमीडिएट वर्ग में प्रतिभा का दमदार प्रदर्शन
आंचल यादव एवं अनमोल मौर्य ने 92.8% (464/500) अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से जिला स्तर पर पांचवां स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। वहीं अनुश्का तथा हिमांशी सिंह ने 91.2% (456/500) अंक अर्जित कर जिला स्तर पर नौवां स्थान हासिल कर अपनी मेधा का शानदार परिचय दिया।
हाईस्कूल में भी चमका सफलता का सितारा
सेजल यादव ने 94.3% (566/600) अंक प्राप्त कर जिले में नौवां स्थान, अन्तिमा यादव ने 94.6% (563/600) अंक के साथ जिले में सातवां स्थान तथा आरुषि ने 94.1% (565/600) अंक अर्जित कर जिले में दसवां स्थान प्राप्त कर विद्यालय की उपलब्धियों में स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया।
इस ऐतिहासिक सफलता पर विद्यालय परिवार में हर्ष का वातावरण है और सभी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की जा रही है।
संस्कार, अनुशासन और गुणवत्ता,सफलता की त्रिवेणी
विद्यालय के प्रबंधक श्री शशिप्रकाश सिंह ने भावुकता और गर्व के साथ कहा कि यह उपलब्धि केवल अंकों की नहीं, बल्कि उस समर्पण, अनुशासन और संस्कार की जीत है, जो इस संस्था की पहचान हैं। उन्होंने बताया कि एक राजकीय अनुदानित विद्यालय होते हुए भी संस्थान ने प्रदेश स्तर पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है।
उन्होंने शत-प्रतिशत परिणाम को विद्यालय की गुणवत्ता का प्रमाण बताते हुए कहा कि यहां के विद्यार्थी न केवल बोर्ड परीक्षाओं में, बल्कि आईएएस, आईआईटी, नीट जैसी कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में भी सफलता प्राप्त कर देश-प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। कई पूर्व छात्र उच्च प्रशासनिक पदों से लेकर विश्वविद्यालयों में कुलपति जैसे गरिमामयी पदों पर आसीन होकर इस संस्थान की परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।
प्रधानाचार्य डॉ. आशुतोष सिंह ने इस उपलब्धि को शिक्षकों की निष्ठा, विद्यार्थियों की मेहनत और अभिभावकों के विश्वास का संयुक्त परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में शिक्षा केवल परीक्षा तक सीमित नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की प्रक्रिया है, जिसके कारण छात्र हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
सुदृढ़ वातावरण, मजबूत भविष्य की नींव श्री विश्वनाथ इंटर कॉलेज कलान है।
वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. आनंद प्रकाश सिंह ने विद्यालय की सफलता का श्रेय प्रबंधक, प्रधानाचार्य, समर्पित शिक्षकगण, परिश्रमी विद्यार्थियों एवं सहयोगी अभिभावकों को देते हुए कहा कि संस्थान में उपलब्ध बेहतर पेयजल व्यवस्था, सुदृढ़ आधारभूत संरचना और अनुशासित, संस्कारित शैक्षणिक वातावरण विद्यार्थियों को निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने विश्वास जताया कि यही समर्पण और वातावरण विद्यार्थियों को न केवल बोर्ड परीक्षाओं में, बल्कि भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं में भी सफलता के शिखर तक पहुंचाएगा।
प्रेरणा का स्रोत बना विद्यालय
श्री विश्वनाथ इंटर कॉलेज, कलान की यह सफलता न केवल विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है, बल्कि पूरे जनपद के लिए एक उदाहरण भी है कि यदि शिक्षा के साथ संस्कार और अनुशासन का संगम हो, तो हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
विद्यालय परिवार ने एक स्वर में सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल, सफल और गौरवशाली भविष्य की कामना की है।



















