आजमगढ़। जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सरायपालटू गांव में 28 सितंबर 2026 को पोल्ट्री फार्म की जांच करने पहुंची लालगंज स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ खबर कवरेज करने गए पत्रकार से कथित मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। पत्रकार घनश्याम कुमार ने एक व्यक्ति पर गाली-गलौज, धमकी देने और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पत्रकार की शिकायत के अनुसार, वह मौके पर स्वास्थ्य विभाग की टीम की कार्रवाई की खबर कवरेज कर रहे थे। इसी दौरान सचिन यादव पुत्र सुभाष यादव ने कथित रूप से उनके साथ जातिसूचक गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। पत्रकार का आरोप है कि उन्होंने घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन से बनाने का प्रयास किया तो सचिन यादव ने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की तथा मोबाइल छीनने और वीडियो बनाने से रोकने का प्रयास किया। शिकायतकर्ता के मुताबिक, मोबाइल बंद हो जाने के बाद भी उनके साथ थप्पड़ मारकर मारपीट की गई। घटना के बाद पत्रकार ने गंभीरपुर थाने में लिखित शिकायत देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की। पत्रकार घनश्याम कुमार का कहना है कि उन्होंने मामले की जानकारी जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ को फोन के माध्यम से भी दी है। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की है।



















