आजमगढ़। जनपद के कमरावां गांव में बुधवार को दोपहर करीब दो बजे एडवोकेट अंसार आज़मी फाउंडेशन की ओर से शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निःशुल्क कॉपी, किताब एवं स्कूल बैग वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के 110 जरूरतमंद बच्चों को अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई गई। इस पहल से बच्चों एवं उनके अभिभावकों में खुशी का माहौल रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जमीर अहमद इस्लाही ने की, जबकि संचालन उबैद अहमद ने किया। कार्यक्रम में उपस्थित फाउंडेशन के संरक्षक जमशेद आलम ने कहा कि संस्था शिक्षा, सामाजिक विकास और जरूरतमंद लोगों के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आर्थिक अभाव के कारण किसी भी छात्र की पढ़ाई बाधित नहीं होने दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि यदि क्षेत्र का कोई भी छात्र उच्च शिक्षा प्राप्त करने में आर्थिक या अन्य किसी प्रकार की कठिनाई का सामना कर रहा है, तो एडवोकेट अंसार आज़मी फाउंडेशन उसकी हरसंभव सहायता करेगा। संस्था का उद्देश्य समाज के प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा की रोशनी पहुंचाना और उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में इस प्रकार के प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। इससे जरूरतमंद विद्यार्थियों को न केवल आर्थिक सहायता मिलती है, बल्कि उन्हें आगे बढ़ने का आत्मविश्वास भी प्राप्त होता है।
इस अवसर पर पूर्व प्रधान
निसात अहमद, निसार अहमद, मोहम्मद नासिर, राम सुधार सरोज सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
सब ब्यूरो चीफ महादेव यादव की रिपोर्ट




















