(आजमगढ़) अहरौला
बुधवार देर शाम लगभग 8:00 बजे अहरौला के पकड़ी बाजार में एक फर्नीचर व इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान में अचानक आग लग गई। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। इस भीषण अग्निकांड में दुकान में रखा लाखों का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुकान क्षेत्र के सिपाह गांव निवासी हरकेश यादव (पुत्र मुन्नीलाल यादव) की है, जो अहरौला–बुढनपुर मार्ग पर स्थित पकड़ी बाजार में बृजेश यादव के मकान में संचालित हो रही थी। घटना के समय दुकानदार दुकान पर मौजूद नहीं थे। वह कुछ देर पहले ही दुकान बंद कर करके अपने घर गया था । उन्हें फोन के माध्यम से आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद वे तुरंत मौके पर पहुंचे।
आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दुकान पूरी तरह चपेट में आ गई। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से काफी देर तक आग पर काबू पाने की कोशिश की गई।
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।
इस अग्निकांड में दुकान में रखी लगभग 20 अलमारियां, 16 कूलर, 15 फ्रिज, 13 टीवी, 22 बेड, 8 सोफा सेट, 20 आटा चक्की, 13 वाशिंग मशीन, 17 ड्राइंग टेबल, 20 मिक्सर सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक व फर्नीचर का सामान जलकर खाक हो गया। इसके अलावा दुकान में रखे लगभग 65,000 रुपये नकद भी आग की भेंट चढ़ गए।
दुकानदार के अनुसार, इस घटना में उन्हें करीब 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से आर्थिक सहायता और मुआवजे की मांग की है।
घटना की सूचना पर बुढ़नपुर तहसील से कानूनगो मौके पर पहुंचे और नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयर की।
अहरौला से संवाददाता संतोष मिश्रा















