गाजीपुर। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और आदिवासी लोकनायक बिरसा मुण्डा की जयन्ती आज जनपद में ‘जनजातीय गौरव दिवस‘ के रूप में मनाई गयी। मुख्य अतिथि सुबाष चन्द्र सरोज, जिला विकास अधिकारी, गाजीपुर की अध्यक्षता में विकास भवन सभागर में जनजातीय गौरव दिवस-2025 हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ जिला विकास अधिकारी द्वारा भगवान बिरसा मुण्डा के फोटो पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुण्डा के साथ-साथ सभी आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों, स्वतंत्रता संग्राम और सांस्कृतिक विरासत में उनके योगदान को याद किया गया। देदियापाड़ा, गुजरात में आयोजित जनजातीय गौरव वर्ष समारोह-2025 में प्रधानमंत्री द्वारा सम्बोधित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया। जिसे उपस्थित जनजातीय समुदाय के लोगों द्वारा काफी उत्साहित होकर देखा गया। सुबाष चन्द्र सरोज ने बताया, कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम एवं आदिवासी समाज के गौरव बिरसा मुंडा ने अपने अल्प जीवन में अन्याय, अत्याचार और शोषण के विरुद्ध ऐतिहासिक आंदोलन खड़ा किया। उनकी जयंती जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाती है, जो सरकार द्वारा उनके अद्वितीय योगदान को सम्मान देने हेतु घोषित किया गया है। बिरसा मुंडा ने सिर्फ सामाजिक और धार्मिक सुधार ही नहीं किए, बल्कि ब्रिटिश शासन के शोषणकारी नीतियों के खिलाफ उलगुलान (महाआन्दोलन) का नेतृत्व कर आदिवासी समाज को एकजुट किया। उन्होंने ‘अबुआ दिशुम, अबुआ राज’ का संदेश देते हुए स्वाभिमान, आत्मनिर्भरता और न्याय की भावना को जन-जन तक पहुँचाया। इन आयोजनों का उद्देश्य बिरसा मुंडा के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुँचाना और समाज में एकता, समानता तथा अधिकारों के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला समाज कल्याण अधिकारी, गाजीपुर, जिला समाज कल्याण अधिकारी, गाजीपुर, छात्रावास अधीक्षक, सहायक विकास अधिकारी एवं ग्राम विकास अधिकारी आदि कर्मचारियों द्वारा अपने दायित्वों का निर्वहन किया। कार्यक्रम का समापन अभय कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास) द्वारा सभी उपस्थित अधिकारीगण, कर्मचारीगण तथा अनुसूचित जनजाति के लागों को धन्यवाद ज्ञापित कर किया गया।
जयप्रकाश चंद्रा, ब्यूरो चीफ गाजीपुर









