विकास खंड पवई के खंडौरा गांव स्थित बिंदेश्वरी इंटर कॉलेज तुलसी नगर की 52 बीघा भूमि को कथित अवैध कब्जे और अधिग्रहण से बचाने की मांग को लेकर पूर्वांचल किसान यूनियन और सोशलिस्ट किसान सभा के पदाधिकारियों ने सोमवार को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी फूलपुर को सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि
स्वर्गीय तुलसी साव ने वर्ष 1949 में बिंदेश्वरी इंटर कॉलेज की स्थापना की थी। विद्यालय के नाम 52 बीघा भूमि राजस्व अभिलेखों में दर्ज थी। वर्तमान में भी इस परिसर में हजारों छात्र-छात्राएं शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।
किसान संगठनों का आरोप है कि कुछ पूंजीपतियों और भू-माफिया की नजर विद्यालय की जमीन पर है। साजिश के तहत राजस्व अभिलेखों से विद्यालय के नाम दर्ज भूमि को हटाने का प्रयास किया गया है। उनका कहना है कि शासन स्तर पर उक्त भूमि पर हेलीपैड और एनर्जी प्लांट स्थापित किए जाने की चर्चा चल रही है, जिससे विद्यालय के अस्तित्व पर संकट उत्पन्न हो गया है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि विद्यालय प्रबंधन ने भूमि विवाद को लेकर दीवानी न्यायालय में वाद दायर किया है। न्यायालय ने मुकदमे के अंतिम निस्तारण तक यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया है। इसके बावजूद भूमि अधिग्रहण और अन्य निर्माण संबंधी गतिविधियों की चर्चा से लोगों में चिंता व्याप्त है।
पूर्वांचल किसान यूनियन के महासचिव वीरेंद्र यादव तथा सोशलिस्ट किसान सभा के महासचिव राजीव यादव ने संयुक्त रूप से कहा कि पिछले एक वर्ष से किसान संगठन विद्यालय की भूमि बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए विद्यालय की भूमि पर यथास्थिति बनाए रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अधिग्रहण प्रक्रिया तत्काल रोकी जाए। चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो किसान संगठन सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
पवई से पत्रकर आरती की रिपोर्ट


















