निजामाबाद में गैस को लेकर अफवाहों का बाजार गर्म, कालाबाजारी पर प्रशासन सख्त

0
0

निजामाबाद/आजमगढ़। क्षेत्र में इन दिनों गैस सिलेंडर को लेकर अफवाहों का बाजार गर्म है। बताया जा रहा है कि अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर हमले की खबरों के बाद लोगों में गैस, पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं और आशंकाएं फैल रही हैं। इसी अफवाह के कारण निजामाबाद क्षेत्र में गैस एजेंसियों और दुकानों पर उपभोक्ताओं की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। कई लोगों का कहना है कि गैस बुकिंग करने के बाद भी सिलेंडर मिलने में लगभग एक सप्ताह तक का समय लग रहा है। कुछ उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया है कि स्थिति का फायदा उठाकर कुछ लोग गैस सिलेंडर की कालाबाजारी भी कर रहे हैं। जहां सामान्य तौर पर करीब एक हजार रुपये में मिलने वाला सिलेंडर, कालाबाजारी में दो हजार रुपये तक में बेचा जा रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।
निजामाबाद के उपजिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह ने स्पष्ट कहा है कि अफवाह फैलाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही गैस और पेट्रोल-डीजल की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए रानी की सराय और मुहम्मदपुर क्षेत्र के सप्लाई इंस्पेक्टर और नायब तहसीलदार को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और बिना पुष्टि के कोई भी जानकारी सोशल मीडिया पर साझा न करें।
*संजय कुमार निजामाबाद की रिपोर्ट*

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें