
शाहगंज, जौनपुर। शाहगंज तहसील क्षेत्र के ताखा पूरब संपर्क मार्ग की बदहाली को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। पिछले कई वर्षों से यह सड़क गड्ढों में तब्दील है। बरसात के दिनों में सड़क पर पानी भर जाने से यह बड़े जलाशय का रूप धारण कर लेती है, जिससे आवागमन में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की मरम्मत को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों एवं लोक निर्माण विभाग से शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि कागजों में मार्ग को गड्ढामुक्त एवं मरम्मत किए जाने की रिपोर्ट लगाकर शिकायत का निस्तारण कर दिया जाता है, जबकि मौके पर स्थिति जस की तस बनी हुई है।
यह मार्ग आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए आवागमन का प्रमुख रास्ता है। इसी रास्ते से छात्र शाहगंज पब्लिक स्कूल समेत अन्य विद्यालयों में जाते हैं। सड़क पर जलभराव और गड्ढों के कारण बच्चों एवं आमजन को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
समस्या के समाधान की मांग को लेकर पूर्व जिला पंचायत सदस्य विवेक यादव ‘विक्की’ के नेतृत्व में मिर्जा अली बेग, मनोज पासवान, संदीप संत, प्रवीण यादव राज समेत दर्जनों लोगों ने उपजिलाधिकारी शाहगंज को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से लोक निर्माण विभाग से मार्ग का शीघ्र निर्माण एवं मरम्मत कराने की मांग की गई। साथ ही ग्रामीणों ने कहा कि यदि सड़क का निर्माण नहीं कराया जा सकता तो इसे जलमार्ग ही घोषित कर दिया जाए।













