गाजीपुर। अपराध एवं वांछित अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गहमर पुलिस ने सरकारी ट्यूबवेल से कॉपर तार चोरी करने के मामले में दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही पर 15 किलो 200 ग्राम कॉपर तार बरामद किया है। इसके अलावा दोनों के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 अगस्त 2026 को ग्राम भतौरा निवासी रामइकबाल ने थाना गहमर में तहरीर देकर बताया था कि ग्राम भतौरा स्थित सरकारी ट्यूबवेल संख्या 120ZG से अज्ञात चोरों द्वारा ट्यूबवेल की मोटर एवं अन्य तार काटकर चोरी कर लिए गए हैं। सूचना के आधार पर थाना गहमर में मुकदमा अपराध संख्या 185/2026, धारा 305 बीएनएस के तहत अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले के खुलासे और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की निगरानी कर रही थी। इसी क्रम में चौकी प्रभारी बारा उपनिरीक्षक इन्दु कुमार तिवारी मय हमराह क्षेत्र में भ्रमण और चेकिंग कर रहे थे। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम मगरखाई जाने वाली सड़क के पास दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ और तलाशी के दौरान गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही/कब्जे से एक प्लास्टिक बोरे में 15 किलो 200 ग्राम कॉपर तार बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मन्टू चौधरी पुत्र महनचन्द्र चौधरी उर्फ राजू चौधरी, निवासी ग्राम बनारपुर, थाना मुफस्सिल, जनपद बक्सर, बिहार तथा समरजीत ठाकुर उर्फ राहुल ठाकुर पुत्र उमेश ठाकुर उर्फ टून्नू ठाकुर, निवासी ग्राम बनारपुर, थाना मुफस्सिल, जनपद बक्सर, बिहार के रूप में हुई। दोनों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 185/2026 में धारा 305/317(2)/317(5) बीएनएस के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है। दोनों को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
जयप्रकाश चंद्रा, ब्यूरो चीफ गाज़ीपुर












