जौनपुर- जिले में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती दी है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय जौनपुर के मुख्य गेट के ठीक सामने दिनदहाड़े एक अधिवक्ता ललित कुमार यादव की गाड़ी ( UP 62 CN9045 ) चोरी हो जाने से पूरे महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक अधिवक्ता ललित यादव अपनी गाड़ी एसपी कार्यालय के सामने खड़ी कर आवश्यक कार्य से भीतर गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मौके का फायदा उठाया और गाड़ी लेकर फरार हो गए। घटना की भनक लगते ही पुलिस तत्काल हरकत में आई।
चोरी के बाद करीब डेढ़ घंटे तक पुलिस टीम गाड़ी की तलाश में जुटी रही, लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई सुराग हाथ नहीं लग पाया था। एसपी कार्यालय जैसे अति-संवेदनशील क्षेत्र में हुई इस वारदात ने जिले की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और संभावित मार्गों पर नाकेबंदी की बात कही जा रही है। वहीं, इस घटना को लेकर अधिवक्ताओं और आम नागरिकों में रोष तथा वाहन चोरी का भय व्याप्त है।






