प्रयागराज में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का प्रयोग धड़ल्ले से हो रहा है। जिसकी वजह से गुरुवार को एक व्यक्ति की जान चली गई। हादसे में उसकी पत्नी घायल हो गई है। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घर में अकेला कमाने वाला था तीरथ नाथ
प्रयागराज शहर के सिविल लाइन थानान्तर्गत पत्रिका मार्ग पर होमगार्ड कार्यालय के समीप रहने वाले तीरथ नाथ (38) पुत्र स्वर्गीय बृजलाल प्राइवेट काम करता था। उसी से पत्नी मालती देवी (32), दो बेटों ऋषभ (17) व रौनक (14) तथा बेटी मानसी (10) का भरण पोषण करता था। वह घर का इकलौता कमाने वाला था।
पत्नी के साथ बाइक से घूरपुर से लौट रहा था
बुधवार को वह अपनी पत्नी मानसी को लेकर यमुनापार के घूरपुर गया था। रात में बाइक से दोनो वापस लौट रहे थे। 7.30 बजे के करीब नए यमुना पुल पर कीडगंज साइड में स्थित रेलवे क्रासिंग के करीब पहुंचे। तभी पतंग का मांझा आकर उनके गले में फंस गया। जिससे बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसमें पीछे बैठी उनकी पत्नी मालती देवी भी घायल हो गई। तीरथ नाथ का गला मांझे से काफी ज्यादा कट चुका था। जिसकी वजह से काफी खून निकल रहा था। उधर से गुजर रहे लोगो ने देखा तो पुलिस को सूचना दी।
इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया
पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दम्पत्ति को उपचार के लिए अस्पताल ले गई। जहां उपचार के दौरान गुरुवार को तीरथ नाथ की मौत हो गई। उनकी पत्नी अभी इलाजरत है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया।
पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी घटनाएं
प्रयागराज में चाइनीज मांझे की वजह से आये दिन हादसे होते रहते हैं। खासकर नए यमुना पुल पर इस तरह के ज्यादा हादसे होते है। सरकार पूरी तरह से चाइना मांझा पर प्रतिबंध लगाएं हुए हैं। उसके बावजूद दुकानों पर चोरी चुपके मांजे की बिक्री की जा रही है। इस मामले में थाना प्रभारी कीडगंज सुनील वाजपेयी ने बताया कि चाइनीज मांझे की वजह से बाइक सवार युवक का गला कट गया था। उसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसकी जान बच नही पाई।
