सरायमीर
आजमगढ़ थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पीड़िता को बरामद करने के बाद मंगलवार, 29 सितंबर को आरोपी तुषार कपूर (19) पुत्र द्वारिका निवासी छित्तेपुर को कुरियावां मोड़ के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 20 मार्च 2026 को छित्तेपुर निवासी श्रीमती आरती पत्नी अमरदेव ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 15 मार्च को शाम करीब चार बजे उनकी नाबालिग पुत्री को गांव का ही तुषार बहला-फुसलाकर भगा ले गया। जब परिजन आरोपी के घर पूछताछ करने पहुंचे तो उसके पिता द्वारिका और भाई आशीष ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए धमकी दी।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने तुषार, उसके पिता द्वारिका और भाई आशीष के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 78/2026 धारा 137(2), 87, 352 और 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की। विवेचना के दौरान मामले में धारा 64(1) बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 भी जोड़ी गई।
मंगलवार को उपनिरीक्षक धीरज कुमार पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में वांछित अभियुक्त की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी तुषार कुरियावां मोड़ के पास गांव जाने वाले रास्ते पर किसी का इंतजार कर रहा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और भागने का प्रयास कर रहे आरोपी को पकड़ लिया। सुबह करीब 10:40 बजे उसे हिरासत में ले लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए अपना बयान न्यायालय में देने की बात कही। गिरफ्तारी करने वाली टीम में हेड कांस्टेबल दिलीप सिंह और कांस्टेबल प्रियाशु कुमार शामिल रहे।
सब ब्यूरो चीफ़ महादेव यादव आजमगढ की रिपोर्ट



















