आजमगढ़ अहरौला
अहरौला थाना क्षेत्र के माहुल कस्बे में उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की शाखा के सामने मंगलवार सुबह 35 वर्षीय युवक का शव मिला।जिसके बाद बाजार में सनसनी फैल गई।सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज कुमार,क्षेत्राधिकारी बुढ़नपुर विजय सिंह गौर थानाध्यक्ष अहरौला राम किशोर शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल आजमगढ़ भेज दिया।
मृतक परवेज पुत्र कासिम क्षेत्र के रसूलपुर अहमद अली गांव का रहने वाला था।स्वजनों के अनुसार सोमवार को मृतक की बहन साजिया की शादी थी।शादी समारोह समाप्त होने के बाद गांव के ही दो युवक परवेज के घर पर आए और मस्जिद में शराब पीने और पेशाब करने का आरोप लगाते हुए मारपीट कर घायल कर दिया।मृतक के पिता कासिम का कहना है कि मंगलवार सुबह साढ़े छः बजे माहुल पुलिस चौकी से फोन आया कि परवेज ग्रामीण बैंक के पास मृत अवस्था में पड़ा है।कासिम ने यह भी की उसे पूरा विश्वास है कि उसके पुत्र की हत्या इन्हीं दोनों लोगों ने किया है।जैसे ही घटना की सूचना मृतक के स्वजनों को हुई पत्नी रेहाना दहाड़े मार कर रोने लगी और गांव में कोहराम मच गया और घटना स्थल पर सैकड़ों की संख्या में गांववासी जुट गए तथा आरोपितों पर कार्यवाही की मांग करने लगे।पुलिस ने स्वजनों को विधि सम्मत कार्यवाही का आश्वाशन देकर नौ बजे के करीब शव को घटना स्थल से उठा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतक परवेज के एक पुत्र और एक पुत्री है।जिनकी उम्र क्रमशः 10 और सात वर्ष है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी बुढ़नपुर विजय सिंह गौर का कहना है कि सूचना मिलने के बाद पहुंची अहरौला पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।घटना के कारणों की जानकारी के लिए स्थानीय लोगों से पूछताछ के साथ ही साथ सीसीटीवी कैमरे आदि खंगाले जा रहे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और संकलित साक्ष्य के आधार पर विधि सम्मत कार्यवाही की जाएगी.
अहरौला संवाददाता संतोष मिश्रा उर्फ सोनू






















