जौनपुर जनपद के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के खम्हौरा गांव में बुधवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। पिकअप वाहन की चपेट में आने से महज तीन वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
मिली जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद पिकअप चालक ओम प्रकाश यादव मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सरायख्वाजा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए घायल बच्ची को कब्जे में जिला चिकित्सालय भेजा जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश में जुटी है।
एक छोटी-सी जिंदगी का इस तरह असमय समाप्त हो जाना पूरे इलाके को गमगीन कर गया है। अब सभी की निगाहें पुलिस की कार्रवाई और फरार चालक की गिरफ्तारी पर टिकी हैं।










