सुल्तानपुर
घटना सुल्तानपुर जिले के कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के मिसिरपुर जलालपुर गांव में गुरुवार शाम विद्युत कार्य करते समय करंट की चपेट में आने से 38 वर्षीय निजी लाइनमैन दुर्गा प्रसाद की मौत हो गई।
अखण्डनगर थाना क्षेत्र के दहलवा गांव निवासी दुर्गा प्रसाद पुत्र बलजोर अलीपुर विद्युत उपकेंद्र पर कार्य करता था। गुरुवार शाम करीब साढ़े तीन बजे वह टावर के पास लगे ट्रांसफार्मर पर काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में आने से वह वहीं लटक गया। ग्रामीणों की सूचना पर थाना प्रभारी धीरेन्द्र कुमार वर्मा और एसएसआई संतोष कुमार राय पुलिस टीम के साथ पहुंचे और उसे सीएचसी अखण्डनगर पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. सुधीर कुमार बरनवाल ने मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद सीएचसी पर परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों में आक्रोश भी दिखाई दिया। थाना प्रभारी कादीपुर दीपेंद्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। बाद में क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर सुनील कुमार सिंह और नायब तहसीलदार कौशल कान्त मिश्रा ने भी पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
सीओ ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और जांच की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मृतक अपने पीछे पत्नी प्रियंका देवी और तीन पुत्रों प्रिंस, अंशू व मनीष को छोड़ गया है। परिवार में कोहराम मचा है।















