अलीपुर बाजार चौक पर बेसहारा बच्चियाँ माँ ,पिता, भाई के शव को रोड पर रख कर लगाई प्रसाशन से गुहार कौन बनेगा सहारा
सुल्तानपुर
कादीपुर अखंड नगर मार्ग पर अखंड नगर थाना क्षेत्र के पसना गांव स्थित ब्रह्मबाबा देवस्थान के पास मंगलवार सुबह लगभग 7.30 बजे हुए सड़क हादसे में युवक समेत उसके माता-पिता की उपचार के दौरान मौत हो गई। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से क्षेत्र में मातम छा गया।
पुलिस के अनुसार, मिसिरपुर जलालपुर निवासी 21 वर्षीय प्रदीप कुमार उर्फ अजय गुप्ता अपने माता-पिता रामलवट गुप्ता (45) और दुर्गावती देवी (42) के साथ मोपेड से रामलवट अपने बड़े भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने हंड़िया मल्देपुर, थाना पवई, आजमगढ़ जा रहे थे। इसी दौरान सड़क हादसे में पति-पत्नी और उनका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखण्डनगर पहुंचाया। चिकित्सक विवेक वर्मा ने प्राथमिक उपचार के बाद रामलवट और दुर्गावती को जिला अस्पताल अम्बेडकरनगर रेफर कर दिया, जबकि प्रदीप को मृत घोषित कर दिया। उपचार के दौरान रामलवट और दुर्गावती की भी मौत हो गई।
प्रदीप ई-रिक्शा चलाने के साथ अलीपुर बाजार में खाने-पीने के सामान और फल आदि की दुकान करता था। रामलवट के पांच बच्चों में शिवानी (23), प्रदीप (21), प्रिया (18), नंदनी (15) और रिया (13) हैं। प्रदीप इकलौता पुत्र था। माता-पिता और भाई की मौत से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रामलवट के साले कृष्ण मुरारी गुप्ता की तहरीर पर निजी स्कूल वाहन और अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। एसएसआई संतोष कुमार राय ने क्षतिग्रस्त मोपेड कब्जे में ले ली। सीओ कादीपुर विनय गौतम, एसडीएम विनीत कुमार और एआरटीओ ने घटनास्थल व थाने पहुंचकर जांच की।थाना प्रभारी ने बताया कि वांछित बस को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पोस्टमार्टम के बाद तीनों शव अलीपुर बाजार पहुंचे तो आक्रोशित ग्रामीणों ने अखण्डनगर-कादीपुर मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। और मांग किया कि बच्चियों को रहने खाने की ब्यवस्था, चारों बच्चियों को 20 – 20 लाख की आर्थिक सहायता, 1 बीघा जमीन,1 सरकारी नौकरी, पढ़ने लिखने की व्यवस्था यही शासन प्रसाशन से मांग है अब देखना यह है कि क्या पीड़ित परिजनों की मांग पूरी होती है कि नही क्या प्रशासन पीड़ित की बात मनेगा, खबर लिखे जाने तक पीड़ित परिजनों अल्लीपुर बाजार चौक पर तीनो मृतकों के शव को रख कर लोग प्रसाशन का इंतजार कर रहे है कि कोई जिम्मेदार अधिकारी पीड़ित को सांत्वना देकर रोड को खाली कराकर मृतकों का दाह संस्कार कराएं। जबकि धरना स्थल पर क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय गौतम, उपजिलाधिकारी विनीत कुमार पहुँच कर परिजनों को बहुत समझाने बुझाने का प्रयास किया परंतु पीड़ित परिजनों ने उनकी एक बात नही माना, सवाल यह है कि आखिर पीड़ित परिजन किसकी बात मान कर मृतकों के शव रोड से हटा कर दाह संस्कार करेगें।

















