गाजीपुर। जनपद गाजीपुर में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा विद्यार्थियों को मानसिक विकारों, तनाव प्रबंधन एवं नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करने के उद्देश्य से करंडा ब्लॉक के इंटर कॉलेज गोसंदपुर में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं स्कूल मेंटल हेल्थ प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला मानसिक स्वास्थ्य टीम एवं जिला तंबाकू कंट्रोल टीम के सहयोग से आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य एवं मानसिक विकारों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को उदासी, घबराहट, चिंता, पढ़ाई में मन न लगना तथा आत्मघाती विचार जैसे मानसिक स्वास्थ्य संबंधी संकेतों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही तनाव से निपटने के लिए तनाव प्रबंधन, कॉपिंग स्किल एवं लाइफ स्किल के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई। जिला तंबाकू कंट्रोल टीम द्वारा विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को नशीली दवाओं और तंबाकू के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान के बारे में विस्तार से बताया गया। बच्चों एवं युवाओं को नशे की लत से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया तथा नशे की आदत छोड़ने के इच्छुक लोगों के लिए जिला अस्पताल में उपलब्ध काउंसलिंग एवं निकोटिन कंट्रोल प्रोग्राम की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान कोटपा एक्ट-2003 के प्रावधानों के बारे में भी जानकारी दी गई। लोगों को तंबाकू नियंत्रण हेल्पलाइन नंबर 1800112356 साझा किया गया। मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सहायता के लिए टेली-मानस टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 (24×7) की जानकारी भी दी गई। विद्यालय के शिक्षकों को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान एवं जरूरत पड़ने पर उचित सहायता लेने के संबंध में जागरूक किया गया। बताया गया कि, जनपद में मानसिक विकारों की जांच एवं काउंसलिंग की सुविधा ट्रामा सेंटर, गोरा बाजार में प्रत्येक सोमवार को उपलब्ध है।
जय प्रकाश चंद्रा, ब्यूरो चीफ गाजीपुर

















