गाजीपुर। जनपद में अपराध की रोकथाम एवं साइबर धोखाधड़ी रोकने हेतु चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना जमानियां क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है।
रिटायर्ड होमगार्ड थाना जमानियां, जनपद गाजीपुर के पुत्र आवेदक अखिलेश सिंह यादव, पुत्र स्व. काशीनाथ यादव, निवासी ग्राम हेतिमपुर, जमानियां कस्बा, थाना जमानियां, जनपद गाजीपुर के साथ यूपीआई के माध्यम से साइबर धोखाधड़ी की गई। आवेदक द्वारा तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत प्राप्त होते ही थाना जमानियां साइबर सेल, जनपद गाजीपुर द्वारा त्वरित कार्यवाही आरंभ की गई। साइबर सेल प्रभारी उ0नि0 अश्वनी प्रताप सिंह मय टीम द्वारा मामले की गहन जांच कर कोर्ट आर्डर के माध्यम से आवेदक के खाते में धोखाधड़ी की गई 40,000/- (चालीस हजार रुपये) की सम्पूर्ण धनराशि दिनांक 19.08.2026 को वापस करायी गई। धनराशि प्राप्त होने पर आवेदक अखिलेश सिंह यादव द्वारा पुलिस टीम की प्रशंसा करते हुए सहृदय धन्यवाद ज्ञापित किया गया तथा जनपद पुलिस के त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही की सराहना की गई।
यह सफलता जनपद गाजीपुर पुलिस द्वारा चलाये जा रहे साइबर अपराध रोकथाम अभियान की निरंतरता एवं प्रभावी क्रियान्वयन को दर्शाती है। साइबर सेल थाना जमानियां द्वारा सतर्कता एवं त्वरित कार्रवाई से पीड़ित को आर्थिक नुकसान से बचाया गया।
जय प्रकाश चंद्रा, ब्यूरो चीफ गाजीपुर
















