फर्जी नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाले गैंगलीडर की 4.40 करोड़ की संपत्ति कुर्क

0
14

गाजीपुर। फर्जी नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं को झांसा देकर मोटी रकम वसूलने वाले गैंगलीडर विनोद कुमार गुप्ता के खिलाफ पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना गहमर व थाना रेवतीपुर की संयुक्त पुलिस टीम तथा तहसीलदार (प्रशासक) और राजस्व टीम तहसील सेवराई द्वारा गैंगलीडर की करीब 4 करोड़ 40 लाख रुपये की अचल संपत्ति कुर्क कर जब्तीकरण की कार्रवाई की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, विनोद कुमार गुप्ता पुत्र उमाशंकर गुप्ता निवासी नगदिलपुर उर्फ दुल्लहपुर, थाना रेवतीपुर द्वारा फर्जी नौकरी दिलाने के नाम पर ‘ऊं श्री बक्सू बाबा एकेडमी’ संचालित की जाती थी। आरोप है कि एकेडमी के माध्यम से बच्चों और अभ्यर्थियों को बहला-फुसलाकर फर्जी नियुक्ति पत्र दिए जाते थे तथा इसके एवज में मोटी रकम वसूली जाती थी।
शासन द्वारा चिन्हित अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 24 अगस्त 2026 को प्रभारी निरीक्षक थाना गहमर द्वारा भेजी गई आख्या के आधार पर पुलिस अधीक्षक गाजीपुर ने 27 अगस्त को कुर्की की संस्तुति की थी। इसके बाद जिलाधिकारी गाजीपुर द्वारा गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत कुर्की आदेश पारित किया गया।
इसी आदेश के क्रम में रविवार को पुलिस और राजस्व टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी द्वारा कथित रूप से संगठित अपराध से अर्जित अचल संपत्तियों को कुर्क कर जब्तीकरण की कार्रवाई की।
कुर्क की गई संपत्तियों में मौजा उतरौली स्थित आराजी संख्या 17 की 0.3770 हेक्टेयर भूमि शामिल है, जिसकी वर्तमान बाजार कीमत करीब 1.10 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके अलावा मौजा दुल्लहपुर स्थित आराजी संख्या 34 में आरोपी के हिस्से की 0.05916 हेक्टेयर भूमि, यानी करीब 591.6 वर्गमीटर, को भी कुर्क किया गया है। इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 3.30 करोड़ रुपये बताई गई है।
इस प्रकार कुर्क की गई दोनों भू-संपत्तियों की कुल अनुमानित बाजार कीमत करीब 4 करोड़ 40 लाख रुपये है। विनोद कुमार गुप्ता के खिलाफ थाना रेवतीपुर में धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेजों के इस्तेमाल, आपराधिक षड्यंत्र, धमकी समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ वर्ष 2024 से 2026 तक कुल 15 आपराधिक मुकदमों का उल्लेख पुलिस ने किया है। इनमें गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मुकदमा भी शामिल है। कुर्की की कार्रवाई में क्षेत्राधिकारी जमानियां, प्रभारी निरीक्षक थाना गहमर मय पुलिस टीम, प्रभारी निरीक्षक थाना रेवतीपुर मय पुलिस टीम तथा तहसीलदार (प्रशासक) और नायब तहसीलदार तहसील सेवराई की राजस्व टीम शामिल रही।

जय प्रकाश चंद्रा, ब्यूरो चीफ गाजीपुर

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें