गोसाईगंज में टीकाकरण के बाद 11 मवेशियों की संदिग्ध मौत, पशुपालकों में दहशत
मुडिला/सुल्तानपुर जनपद के गोसाईगंज थाना क्षेत्र के भोएं गांव में टीकाकरण के कुछ घंटों बाद ही 10 बकरियों और 1 बकरे समेत 11 मवेशियों की मौत हो गई। घटना सोमवार की है। मंगलवार 11 बजे तक मवेशियों के शव का पोस्टमार्टम भी नहीं हो सका, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है।
जानकारी के मुताबिक 19 अक्टूबर कोदूबेपुर ब्लॉक से तीन लोगों की एक टीम गांव पहुंची थी। टीम में विष्णु यादव नाम का एक सदस्य भी था। ग्रामीणों ने बताया कि टीम ने जुकाम, बुखार और पेट की बीमारियों से बचाव के नाम पर जानवरों को टीके लगाए और प्रति जानवर 10 रुपये फीस भी ली।
ग्रामीणों के अनुसार टीका लगने के बाद शाम 6 बजे से रात 12 बजे के बीच पशुओं की तबीयत बिगड़ने लगी और एक-एक कर 11 जानवरों ने दम तोड़ दिया। मरने वाली ज्यादातर बकरियां गर्भवती थीं।
मृतकों में रेहाना बानो की 4, रुबीना की 5 और जमाल नासिर व अकबाल की 1-1 बकरी शामिल है।
ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस ने दो बार मौके पर आकर मुआयना किया और मरे हुए बकरे-बकरियों की तस्वीरें खींचकर डिटेल्स नोट की। एसओ गोसाईगंज ने जानवरों की मौत की पुष्टि की है और कहा है कि पशु चिकित्सक द्वारा शवों के पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।
वहीं मुख्य पशु चिकित्साधिकारी (सीवीओ) सुनील कुमार ने बताया कि 32 बकरियों का कल टीकाकरण किया गया था। जिसके बाद घास खाने से पॉइजनिंग हुई है। सभी मवेशियों को ड्रिप आदि दिया गया था, लेकिन एक-एक कर 10 की मौत हो गई है, एक का इलाज जारी है।
रिपोर्ट- विवेक कुमार पत्रकार
















