अम्बेडकरनगर
जनपद के टांडा कोतवाली क्षेत्र के दौलतपुर हजलापुर त्रिमुहानी निवासी जयहिंद लाल ने फाइनेंस कंपनी से जुड़े एक व्यक्ति पर धोखाधड़ी एवं दबाव बनाकर अपने निजी बैंक खाते में 31 हजार रुपये जमा कराने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने कोतवाली अकबरपुर में तहरीर देकर मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित जयहिंद लाल के अनुसार, उनके पुत्र विनय कुमार के नाम से एक स्कूटी फाइनेंस पर खरीदी गई थी, जिसकी कुछ किस्तें बकाया थीं। आरोप है कि 16 जून को सुबह करीब 11 बजे अकबरपुर स्थित पीडब्ल्यूडी गेट के सामने उनकी मुलाकात फाइनेंस कंपनी के वसूली एजेंट बताने वाले रणविजय पांडेय से हुई। उसने स्कूटी पर 31 हजार रुपये बकाया होने की जानकारी देते हुए तत्काल भुगतान करने का दबाव बनाया।
जयहिंद लाल का आरोप है कि उन्होंने बकाया रकम जमा करने पर सहमति जताई और भुगतान की रसीद की मांग की, लेकिन संबंधित व्यक्ति ने कंपनी के अधिकृत खाते में राशि जमा कराने के बजाय अपने निजी बैंक खाते में ऑनलाइन भुगतान कराने के लिए कहा। विश्वास में आकर उन्होंने गूगल पे के माध्यम से रणविजय पांडेय के खाते में 31 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए, जिसका स्क्रीनशॉट भी उनके पास सुरक्षित है।
आरोप है कि भुगतान के बाद जब उन्होंने रसीद मांगी तो संबंधित व्यक्ति लगातार टालमटोल करता रहा और अब तक कोई आधिकारिक रसीद उपलब्ध नहीं कराई गई। इससे पीड़ित को आशंका है कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है।
पीड़ित ने कोतवाली अकबरपुर पहुंचकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।






















