अखण्डनगर, सुल्तानपुर। अखण्डनगर-कादीपुर मार्ग पर शनिवार रात करीब 11 बजे गऊघाट के पास तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी नाली और विद्युत पोल तोड़ते हुए गड्ढे में जा गिरी। हादसे में तीन युवक और एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर थाना प्रभारी धीरेन्द्र कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखण्डनगर पहुंचाया।
चिकित्सक डॉ. विष्णु स्वरूप यादव ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को जिला अस्पताल अम्बेडकरनगर रेफर कर दिया। अंकित पुत्र जगन्नाथ निवासी पतजू पहाड़पुर और निरहुआ पुत्र बलराम निवासी नरवारी की हालत गंभीर बताई जा रही है। युवती भी गंभीर रूप से घायल है। थाना प्रभारी के अनुसार सचिन यादव पुत्र दयानाथ यादव निवासी नरवारी की उपचार के दौरान मौत होने की सूचना है।
पुलिस ने जेसीबी की मदद से बोलेरो को बाहर निकालकर कब्जे में ले लिया। वाहन दीपक जायसवाल निवासी नरवारी का बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार युवक जौनपुर जिले के सरपतहा थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासिनी युवती को पहुंचाने जा रहे थे। पुलिस घटना की जांच-पड़ताल कर रही है। अभी तक किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है।
नरेश कुमार केमास न्यूज पत्रकार अखण्डनगर सुल्तानपुर






















