माहुल अहरौला थाना क्षेत्र के रसूलपुर अहमद अली गांव निवासी 35 वर्षीय युवक परवेज का शव पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार शाम को घर आया। गांव में कोहराम मच गया। पुलिस की कार्यप्रणाली से नाराज होकर स्वजन आरोपित युवकों पर अभियोग दर्ज करने की मांग करते हुए अंतिम संस्कार करने से इनकार करते हुए शव को घर के बाहर रख कर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंचे एसपी यातायात पंकज श्रीवास्तव के निर्देश पर मुकदमा दर्ज होने के बाद रात करीब ढाई बजे पुलिस की मौजूदगी में शव को गांव के कब्रस्तान में सुपुर्देखाक किया गया।
ज्ञात हो कि क्षेत्र के रसूलपुर अहमद अली गांव निवासी परवेज पुत्र कासिम मंगलवार सुबह माहुल बाजार के उत्तरप्रदेश ग्रामीण बैंक की शाखा के बाहर मृत अवस्था में पड़ा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया था। उसके बाद मृतक के पिता ने गांव के ही दो युवकों पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए शिकायती पत्र दिया था। शिकायती पत्र में कासिम ने यह कहा था कि उसकी पुत्री साबिया की शादी का समारोह चल रहा था जिसमें गांव के ही असगर और बरखी नाम के दो युवक आए और उसके पुत्र परवेज पर मस्जिद में शराब पीने और पेशाब करने का आरोप लगाते हुए मारपीट कर घायल कर दिया और धमकी दिया कि मिल गए तो जान से मार दूंगा। रात में उसके बाद इन दोनों ने उसके पुत्र को मार कर फेक दिया। कासिम ने यह भी कहा कि अहरौला पुलिस ने जबरदस्ती तहरीर बदलवा दिया और इत्तेफाकिया लिख कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शाम चार बजे स्वजन शव लेकर घर आए तो गांव में कोहराम मच गया और सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए और शव को रख कर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया और आरोपितों पर मुकदमा दर्ज करने की मांग करने लगे। प्रदर्शन की सूचना पर क्षेत्राधिकारी बुढ़नपुर विजय सिंह गौर थानाध्यक्ष अहरौला राम किशोर शर्मा चौकी प्रभारी माहुल यश सिंह पटेल पुलिस बल के साथ पहुंचे और स्वजनों का मान मनोवल करने लगे। पुलिस का कहना था कि जब तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आ जाती तब तक अभियोग दर्ज नहीं किया जा सकता।काफी प्रयास के बाद जब स्वजन अंतिम संस्कार के लिए राजी नहीं हुए तो देर रात पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और स्वजनों से बात चीत किया उसके बाद उन्होंने अहरौला थानाध्यक्ष को अभियोग पंजीकृत करने का निर्देश दिया। रात करीब दो बजे के बाद पुलिस द्वारा पंजीकृत अभियोग की प्रति दिखाने के बाद स्वजन परवेज का अंतिम संस्कार करने को तैयार हुए उसके बाद पुलिस की मौजूदगी में गांव के कब्रस्तान में परवेज के शव को सुपुर्देखाक किया गया।
अहरौला संवाददाता संतोष मिश्रा उर्फ सोनू




















