पिता के निधन के बाद अनुकंपा नियुक्ति पाने वाले सौरभ यादव भी नहीं रहे, शिक्षक समाज में शोक किडनी की बीमारी के उपचार के दौरान हुई मौत
अखण्डनगर/सुल्तानपुर
विकासखंड अखण्डनगर के कम्पोजिट विद्यालय बेलवाई माधोपुर में अनुचर के पद पर कार्यरत सौरभ यादव का 19 अक्टूबर 2026 की शाम उपचार के दौरान निधन हो गया। किडनी की बीमारी से पीड़ित सौरभ का इलाज चल रहा था। इसी दौरान अचानक हृदयगति रुकने से उनकी मृत्यु हो गई। उनके असामयिक निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। शिक्षक समाज और परिचितों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।सौरभ यादव, स्वर्गीय जयप्रकाश यादव के पुत्र थे। उनका पैतृक गांव हमीरपुर, पोस्ट खंडौरा, थाना पवई, जनपद आजमगढ़ था। उनके पिता जयप्रकाश यादव अखण्डनगर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय डोमापुर में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत थे। सेवाकाल के दौरान पिता की मृत्यु हो जाने के बाद सौरभ को 26 जुलाई 2023 को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति मिली थी। इसके बाद से वह कम्पोजिट विद्यालय बेलवाई माधोपुर में अनुचर के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे।सौरभ के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पिता के बाद अब बेटे की असमय मृत्यु ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। उनकी मां और इकलौती बहन के सामने दुखों का पहाड़ खड़ा हो गया है। परिवार के लिए यह अपूरणीय क्षति है।निधन की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय लोगों, परिचितों और शिक्षक समाज के लोगों में शोक व्याप्त हो गया। शोक-संवेदना व्यक्त करने के लिए लोग उनके आवास पर पहुंचे। मंगलवार, 20 अक्टूबर 2026 की सुबह घर के पास नदी किनारे उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। अंतिम यात्रा में शामिल लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।

















