नदी मे उतरने वाले युवकों की सुरक्षा को लेकर राहुलनगर पुलिस अलर्ट, चौकी प्रभारी कन्हैया कुमार पाण्डेय पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात
सुल्तानपुर
मूर्ति विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अखण्डनगर थाना क्षेत्र के मझुई नदी स्थित नेमपुर घाट पर राहुलनगर चौकी पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। घाट के विभिन्न नाकों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती कर विसर्जन गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है।
राहुलनगर पुलिस चौकी प्रभारी कन्हैया कुमार पाण्डेय पुलिस फोर्स के साथ मौके पर मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। नदी में उतरकर मूर्ति विसर्जन करने वाले युवकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार वर्मा ने बताया कि मूर्ति विसर्जन के सभी निर्धारित स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस की सतर्कता का उद्देश्य मूर्ति विसर्जन के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।


















