थाना देवगांव कोतवाली क्षेत्र के नगर पंचायत कटघर स्थित लालगंज चौराहे पर संचालित गीता चाइल्ड केयर हॉस्पिटल में एक नवजात बच्चे की मौत के बाद परिजनों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना गंभीरपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत कटघर रोहुआ जलालपुर निवासी अर्चना पत्नी संजय ने तीन दिन पहले लालगंज स्थित आसाना हॉस्पिटल में बच्चे को जन्म दिया था। जन्म के बाद नवजात की तबीयत को देखते हुए उसे गीता चाइल्ड केयर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।जहां आईसीयू की सुविधा उपलब्ध होने की बात बताई जा रही है।
परिजनों का गंभीर आरोप है कि अस्पताल में तीन दिनों तक इलाज के दौरान लापरवाही बरती गई और गलत दवा दिए जाने के कारण उनके बच्चे की मौत हो गई। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
परिजनों के मुताबिक, नवजात की हालत बिगड़ने के बाद अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे जौनपुर के लिए रेफर कर दिया। जब परिजन बच्चे को लेकर जौनपुर पहुंचे, तो वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। अपने नवजात बच्चे की मौत से आहत परिजन शव लेकर गीता चाइल्ड केयर हॉस्पिटल के सामने बैठ गए और अस्पताल प्रबंधन तथा संबंधित डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर तीन दिन तक अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान नवजात की हालत क्यों बिगड़ी, क्या इलाज में वास्तव में कोई लापरवाही हुई,और यदि लापरवाही हुई है, तो इसके लिए जिम्मेदार कौन है।
फिलहाल, परिजन मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग और संबंधित पुलिस प्रशासन इस पूरे मामले में क्या कदम उठाते हैं। पुलिस ने बच्चों के सव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है





















