कादीपुर में शारदा सहायक नहर में मिला 70 वर्षीय वृद्धा का शव, डूबने से मौत की आशंका
*मुडिला/ कादीपुर*
कादीपुर थाना क्षेत्र के बनकेगांव में गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे एक वृद्ध महिला का शव नहर में मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
मृतका की पहचान 70 वर्षीय विमला के रूप में हुई है। वह दोस्तपुर थाना क्षेत्र के कटघरा चिरानीपट्टी की रहने वाली थीं और गोवर्धनदास की पत्नी थीं।
पुलिस ने बताया कि मृतका का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। परिजनों के अनुसार, विमला बुधवार 9 सितंबर की सुबह करीब 8 बजे घर से निकली थीं, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटीं। परिवार के लोग लगातार उनकी तलाश कर रहे थे। गुरुवार सुबह बनकेगांव की नहर में शव मिलने की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान विमला के रूप में की।
कादीपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। शुरुआती जांच में महिला की मौत पानी में डूबने से होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक मृतका के शरीर पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
विवेक कुमार पत्रकार मुडिला



















