अंबेडकर नगर जिले के जिला चिकित्सालय ने प्रदेश स्तर पर जारी 116 अस्पतालों की रैंकिंग में बेहतर प्रदर्शन किया है। लैब टेस्ट के मामले में अस्पताल को पांचवां और ओपीडी सेवाओं में सातवां स्थान मिला है। इसके अलावा ऑनलाइन पंजीयन एवं ऑनलाइन डिस्चार्ज में 14वीं तथा आभा पंजीयन में 17वीं रैंक हासिल हुई है।
जिला अस्पताल में मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के साथ डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। ऑनलाइन पंजीयन, आभा आईडी बनाने और प्रयोगशाला जांच की सुविधाओं से मरीजों को पंजीकरण से लेकर जांच और इलाज तक की प्रक्रिया में सहूलियत मिल रही है।
रोजाना औसतन पांच सर्जरी, तीन मरीज आयुष्मान योजना के लाभार्थी
जिला चिकित्सालय में आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीजों को उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। हड्डी रोग से संबंधित ऑपरेशन, पथरी निकालने समेत अन्य सर्जरी के लिए भी मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। अस्पताल में प्रतिदिन औसतन पांच सर्जरी की जाती हैं, जिनमें करीब तीन मरीज आयुष्मान योजना के लाभार्थी होते हैं। योजना के तहत पात्र मरीजों को उपचार मिलने से उन्हें आर्थिक राहत मिल रही है।
आयुष्मान मरीजों को भी सामान्य मरीजों की तरह सुविधाएं
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पीएन यादव ने बताया कि आयुष्मान योजना के लाभार्थियों को सामान्य मरीजों की तरह संबंधित वार्डों में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार बेहतर बनाने और मरीजों को सुविधाजनक उपचार उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।






















