प्रारंभिक अर्हता परीक्षा-2026 को सकुशल एवं शुचितापूर्ण संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी ने की तैयारियों की समीक्षा

0
1

 

 

23 परीक्षा केंद्रों पर तीन दिन में छह पालियों में आयोजित होगी परीक्षा, 9,816 परीक्षार्थी होंगे शामिल

 

सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों को आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश

 

अम्बेडकरनगर सूचना विभाग, 21 अक्टूबर 2026।

जनपद में दिनांक 25 एवं 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर 2026 को निर्धारित 23 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने बताया कि आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा तीन दिवसों में कुल छह पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली पूर्वाह्न 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक निर्धारित है। परीक्षा में कुल 9,816 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक-एक सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापक की तैनाती की गई है। परीक्षा के सुचारु संचालन एवं त्वरित समस्याओं के समाधान के लिए कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है।

जिलाधिकारी ने सभी सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया कि वे अपने आवंटित परीक्षा केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कर केंद्र व्यवस्थापकों के साथ समन्वय स्थापित करें तथा परीक्षा से संबंधित समस्त व्यवस्थाओं एवं गतिविधियों की जानकारी पहले से सुनिश्चित कर लें। सभी केंद्रों पर आयोग के निर्देशों के अनुरूप आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध रहें तथा परीक्षार्थियों के लिए स्वच्छ पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाएं।

उन्होंने निर्देश दिए कि आयोग द्वारा उपलब्ध कराई गई बुकलेट एवं दिशा-निर्देशों का गहन अध्ययन कर परीक्षा से पूर्व, परीक्षा के दौरान तथा परीक्षा के उपरांत की जाने वाली समस्त कार्यवाहियों की जानकारी से भली–भांति अवगत हो लें। प्रत्येक परीक्षा दिवस पर परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व सभी कक्ष निरीक्षकों की समुचित ब्रीफिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि परीक्षा प्रक्रिया में किसी प्रकार की त्रुटि या असुविधा की स्थिति उत्पन्न न हो। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा को निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुरूप पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं शुचिता के साथ संपन्न कराया जाए।

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने भी निर्देशित किया कि किसी भी परीक्षा केंद्र पर निरीक्षण के दौरान तैयारी में कमी अथवा किसी प्रकार की समस्या पाए जाने पर उसका तत्काल निराकरण कराया जाए। यदि किसी समस्या का समाधान स्थानीय स्तर पर संभव न हो, तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित उच्चाधिकारियों को दी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। इस अवसर पर समस्त मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों को उनके कार्य एवं दायित्वों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

बैठक में संबंधित अधिकारी एवं परीक्षा व्यवस्था से जुड़े कार्मिक उपस्थित रहे।

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें