अंबेडकरनगर
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव को लेकर जिले में सियासी हलचल तेज हो गई है। भाजपा समर्थित प्रत्याशी के प्रस्तावित शिक्षक संवाद कार्यक्रम को लेकर समाजवादी पार्टी ने आपत्ति जताई है। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे सपा प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कार्यक्रम की निष्पक्ष जांच कराने और आचार संहिता का उल्लंघन पाए जाने पर इसे स्थगित कराने की मांग की।
सपा जिलाध्यक्ष जंगबहादुर यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थित प्रत्याशी ध्रुव त्रिपाठी का 21 अक्टूबर को महामाया राजकीय मेडिकल कॉलेज, सदरपुर टांडा परिसर में शिक्षक संवाद कार्यक्रम प्रस्तावित है। पार्टी को जानकारी मिली है कि जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की ओर से प्रधानाचार्यों, प्रबंधकों और शिक्षक मतदाताओं को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कहा जा रहा है। सपा ने इस पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि चुनावी गतिविधियों के लिए सरकारी संस्थान या सरकारी तंत्र का इस्तेमाल हो रहा है, तो इसकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।
जंगबहादुर यादव ने जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. कौस्तुभ कुमार सिंह पर शासकीय, अर्द्धशासकीय और मान्यता प्राप्त विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, प्राचार्यों तथा प्रबंधकों पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने के लिए अनुचित दबाव बनाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार का दबाव लोकतांत्रिक व्यवस्था और निष्पक्ष निर्वाचन की भावना के विपरीत है।
सपा प्रतिनिधिमंडल ने जिला निर्वाचन अधिकारी से शिक्षक संवाद कार्यक्रम की जांच कराने, आचार संहिता के उल्लंघन की पुष्टि होने पर कार्यक्रम स्थगित कराने तथा आरोप प्रमाणित होने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों और व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की। पार्टी नेताओं ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और भयमुक्त माहौल में संपन्न होनी चाहिए, जिससे सभी प्रत्याशियों को समान अवसर मिल सके।
ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में सांसद लालजी वर्मा, टांडा विधायक राममूर्ति वर्मा, अकबरपुर विधायक राम अचल राजभर, आलापुर विधायक त्रिभुवन दत्त और पूर्व एमएलसी विशाल वर्मा सहित समाजवादी पार्टी के अन्य नेता शामिल रहे।




















