अक्टूबर 21, 2026
आजमगढ़ जिले के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस ने रामप्रसाद यादव पर जानलेवा हमले के मामले में ,दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशु गौड़ (19), निवासी चौको बुजुर्ग और नरायन पटेल (43), निवासी कोड़रा, थाना जीयनपुर के रूप में हुई है। दोनों को 21 अक्टूबर 2026 को जम्मनपुर नहर के पास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने नरायन पटेल के कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, 19 अक्टूबर को पीड़ित के पिता रघुनाथ यादव निवासी पारन कुंडा ने शिकायत दी थी कि पुरानी रंजिश के चलते उनके पुत्र रामप्रसाद यादव पर जान लेवा हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। शिकायत के आधार पर कोतवाली जीयनपुर में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान घटना से संबंधित जानकारी सामने आई। नरायन पटेल के खिलाफ शस्त्र अधिनियम और अन्य धाराओं में पूर्व के मुकदमों का भी उल्लेख है। गिरफ्तार करने वाली टीम में लाटघाट चौकी इंचार्ज जाफर खां सहित कोतवाली जीयनपुर के पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
पत्रकार संजय यादव





















