अहिरौली गांव में राजेंद्र प्रसाद यादव की गाय ने दिया अनोखे बछड़े को जन्म, पशु चिकित्सक ने बताई शारीरिक विकृति
सुलतानपुर
अहिरौली गांव में सोमवार पूर्वाह्न एक गाय ने दो मुंह वाले बछड़े को जन्म दिया। बछड़े के चार पैर, दो मुंह, चार आंखें और चार कान हैं। जन्म के बाद से ही यह बछड़ा इलाके में कौतूहल का विषय बना हुआ है।
बताया जाता है कि राजेंद्र प्रसाद यादव के यहां उनकी गाय ने इस अनोखे बछड़े को जन्म दिया। दो मुंह वाले बछड़े के जन्म की खबर फैलते ही उसे देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी। आसपास के गांवों से भी लोग उसे देखने पहुंच रहे हैं। इस संबंध में पशु चिकित्सक डॉ. राजेश वर्मा ने बताया कि यह कोई चमत्कार नहीं, बल्कि एक शारीरिक विकृति है। गर्भाशय में दो भ्रूण विकसित हुए, लेकिन वे अलग-अलग नहीं हो पाए और आपस में जुड़े रह गए। इसी वजह से बछड़े के दो मुंह विकसित हो गए। उन्होंने बताया कि इस तरह की स्थिति कभी-कभी देखने को मिलती है।
















