सुल्तानपुर
घटना अखंडनगर थाना क्षेत्र के टिकरी गांव में अपनी ससुराल में रह रहे रामकुमार निषाद (पुत्र हनुमान निषाद), निवासी हेवती, थाना पवई, आजमगढ़ की बीती मंगलवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, रामकुमार घर पर डीजे साउंड मशीन ठीक कर रहा था। इसी दौरान करंट लगने से उसकी मौत होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद ससुर काशीराम निषाद एवं ग्राम प्रधान प्रतिनिधि देवी प्रसाद उर्फ मटरू तिवारी उसे बुधवार सुबह लगभग सात बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखण्डनगर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक डॉ. विष्णु स्वरूप यादव ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर चौकी प्रभारी कन्हैया कुमार पाण्डेय पुलिस टीम के साथ पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चौकी प्रभारी ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई होगी।
मृतक की पत्नी सीमा देवी अपने बच्चों रतन और प्रिंस के साथ दिल्ली में रहती हैं। उन्हें घटना की सूचना दे दी गई है। युवक की मौत से पैतृक गांव हेवती और ससुराल टिकरी में शोक की लहर है।














