स्ट्रिंगर रिपोर्ट – हीरा मणि गौतम
जौनपुर – जिले के पासपोर्ट कार्यालय में विद्युत आपूर्ति बाधित होने से करीब 45 मिनट तक पूरा कामकाज ठप्प रहा। इस दौरान पासपोर्ट सत्यापन कराने पहुंचे लोगों को भीषण गर्मी और अव्यवस्था का सामना करना पड़ा। बिजली न होने के कारण ऑनलाइन सिस्टम बंद हो गया, जिससे सत्यापन प्रक्रिया पूरी तरह प्रभावित रही।
जानकारी के अनुसार, कार्यालय में बिजली जाते ही कंप्यूटर और अन्य तकनीकी उपकरण बंद हो गए। सत्यापन के लिए दूर-दराज से पहुंचे लोगों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। वहीं कर्मचारी भी कार्य न होने के चलते लगभग 45 मिनट तक मोबाइल फोन पर समय बिताते नजर आए।
जब उपस्थित लोगों ने वैकल्पिक व्यवस्था के बारे में सवाल किया तो कर्मचारियों ने बताया कि कार्यालय का यूपीएस पिछले दो माह से खराब है और मरम्मत के लिए भेजा गया है। यूपीएस उपलब्ध न होने के कारण बिजली कटते ही पूरा सिस्टम बंद हो जाता है।
प्रदेश सरकार द्वारा बेहतर विद्युत व्यवस्था के बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन सरकारी कार्यालयों की यह स्थिति उन दावों की पोल खोलती नजर आ रही है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पासपोर्ट कार्यालय में जल्द से जल्द वैकल्पिक बिजली व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को परेशानियों का सामना न करना पड़े।












