सुल्तानपुर
गुरुवार की रात करीब 11 बजे अखण्डनगर से शाहगंज (जौनपुर) की ओर जा रहा लकड़ियों के बोटों से लदा एक ट्रक स्थानीय थाना क्षेत्र के देवनगर बाजार में अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। गनीमत रही कि ट्रक किसी दुकान में नहीं घुसा और हादसे के समय सड़क की पटरी पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। इससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
हादसे में चालक और खलासी सुरक्षित रहे। स्थानीय लोगों के सहयोग से दोनों को ट्रक से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना पर पुलिस ने मामले की जानकारी लेते हुए जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है।
वहीं, शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे तक सड़क की पटरी से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और बिखरी लकड़ियों को नहीं हटाया जा सका था। इसके चलते बाजार से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।


















