पिछले चुनावों में उतार-चढ़ाव से जूझती रही बसपा के सामने 2027 में खोई जमीन वापस पाने की चुनौती, रमेश कुमार को प्रत्याशी बनाकर संगठन ने शुरू की नई चुनावी तैयारी
स्ट्रिंगर जौनपुर – हीरा मणि गौतम
जौनपुर – केराकत विधानसभा की सियासत में बहुजन समाज पार्टी ने रमेश कुमार को प्रत्याशी घोषित कर चुनावी सरगर्मी बढ़ा दी है। पार्टी के नेतृत्व में आयोजित विशाल सम्मेलन में उनके नाम की घोषणा के साथ ही समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। अब सवाल यह है कि क्या रमेश कुमार केराकत में बसपा का पुराना राजनीतिक प्रभाव वापस दिला पाएंगे?
अगर पिछले विधानसभा चुनावों के आंकड़ों पर नजर डालें तो केराकत में बसपा का सफर उतार-चढ़ाव भरा रहा है। वर्ष 2002 में बसपा के नंद किशोर को 40,827 वोट मिले थे, जबकि 2007 में बिराजू राम ने 42,584 वोट हासिल कर सीट पर जीत दर्ज की थी। वर्ष 2012 में विजय लक्ष्मी को 57,284 और 2017 में उर्मिला राज को 66,307 वोट मिले। वहीं 2022 के विधानसभा चुनाव में बसपा के लालबहादुर को 51,633 वोटों से संतोष करना पड़ा।
इन आंकड़ों से साफ है कि बसपा ने 2017 में मजबूत प्रदर्शन किया था, लेकिन 2022 में उसके मतों में गिरावट दर्ज हुई। ऐसे में रमेश कुमार के सामने पार्टी के पुराने जनाधार को फिर से मजबूत करने और मतदाताओं का भरोसा जीतने की बड़ी चुनौती होगी।
प्रत्याशी घोषित होने के बाद रमेश कुमार ने जनता का अभिवादन करते हुए आभार जताया। उन्होंने बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बहन मायावती को पांचवीं बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प दोहराया। साथ ही कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में जुटने की अपील की।
अब केराकत की राजनीति में बसपा ने अपना पत्ता खोल दिया है। देखना दिलचस्प होगा कि रमेश कुमार पिछले चुनावों के आंकड़ों को अपनी ताकत बनाकर बसपा को कितनी मजबूती दे पाते हैं और क्या पार्टी इस बार केराकत में नया राजनीतिक इतिहास रच पाएगी ?














