गंगा का जलस्तर खतरे के निशान के करीब, डीएम ने जारी की एडवाइजरी

0
6

गाजीपुर। केंद्रीय जल आयोग की सूचना के अनुसार गंगा नदी का जलस्तर अगले 24 से 48 घंटों में खतरे के निशान को पार कर सकता है। संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद की तहसीलों के निचले इलाकों में बसे गांवों में बढ़ते जलस्तर के प्रभाव से विभिन्न समस्याएं उत्पन्न होने की संभावना है। स्थिति से निपटने के लिए जनपद में 152 बाढ़ चौकियां, 46 बाढ़ शरणालय और 229 नावें सक्रिय कर दी गई हैं। इसके अतिरिक्त पीएसी की टीमें भी तैनात की गई हैं। बाढ़ राहत किट तथा बाढ़ शरणालयों में पक्के भोजन की व्यवस्था भी सुनिश्चित कर ली गई है। जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि, वे घबराएं नहीं और अफवाहों पर ध्यान न दें। केवल प्रशासन द्वारा जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और पशुओं को समय रहते सुरक्षित ऊंचे स्थानों अथवा बाढ़ शरणालयों में पहुंचाने की अपील की गई है। उन्होंने बच्चों को बाढ़ के पानी में जाने अथवा नहाने से रोकने, जरूरी दस्तावेज, दवाइयां, सूखा राशन और पीने का पानी तैयार रखने की सलाह दी है। गर्भवती महिलाओं, दिव्यांगजनों एवं बीमार व्यक्तियों की सूचना तत्काल संबंधित बाढ़ चौकी अथवा लेखपाल को देने को कहा गया है। लोगों से बिजली के खंभों एवं तारों से दूर रहने तथा बाढ़ के पानी में वाहन नहीं चलाने की अपील की गई है। तेज बहाव वाले पानी के पास सेल्फी लेने, तैरने का प्रयास करने से बचने की भी चेतावनी दी गई है। नावों में क्षमता से अधिक यात्रियों को न बैठाने तथा प्रतिबंधित क्षेत्रों में नाव नहीं चलाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक नाव में लाइफ जैकेट एवं लाइफ रिग रखना और उनका अनिवार्य रूप से उपयोग सुनिश्चित करने को कहा गया है।                                                                         जिलाधिकारी ने किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित बाढ़ नियंत्रण कक्ष को सूचना देने की अपील की है।

पुलिस कंट्रोल रूम: 112                                           जिला बाढ़ नियंत्रण कक्ष: 0548-2224041

तहसील सदर: 0548-2221334
तहसील सैदपुर: 05495-222050
तहसील जमानियां: 05497-252074
तहसील जखनियां: 9454417089, 8739057296
तहसील मुहम्मदाबाद: 05493-242006
तहसील कासिमाबाद: 05493-252015
तहसील सेवराई: 05497-297597

जय प्रकाश चंद्रा, ब्यूरो चीफ गाज़ीपुर

In

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें