
समाजसेवी पवन कुमार सिंह ने बच्चों को कराया भोजन, स्थानीय संवाददाताओं का हुआ सम्मान
पहसा (मऊ)। प्राथमिक विद्यालय कइयाँ में शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को हर्षोल्लास के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों, शिक्षकों एवं गणमान्य अतिथियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस अवसर पर समाजसेवी पवन कुमार सिंह की ओर से विद्यालय के बच्चों को तिथि भोजन कराया गया। बच्चों को खीर-पूड़ी, सब्जी एवं मिठाई परोसी गई। स्वादिष्ट भोजन पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम में पूर्व प्रधानाचार्य वीर बहादुर सिंह, पूर्व प्रधानाध्यापक पारसनाथ सिंह, सूर्यभान यादव एवं समाजसेवी गुड्डू सिंह बतौर अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक समाज एवं राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने शिक्षकों का सम्मान करने के लिए प्रेरित किया।
अतिथियों ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक अंजनी कुमार सिंह, राजेश कुमार, अंजलि वर्मा, मीना यादव, सरिता सिंह एवं जयप्रकाश सिंह के कार्यों तथा विद्यालय के प्रति समर्पण की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार की ओर से स्थानीय संवाददाता सदानंद एवं विवेक चौहान को सम्मानित किया गया। विद्यालय परिवार ने पत्रकारिता के माध्यम से क्षेत्र की समस्याओं एवं विद्यालय की गतिविधियों को समाज तक पहुंचाने के उनके प्रयासों की सराहना की।
अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजन ने बच्चों में शिक्षक दिवस के प्रति उत्साह के साथ सामाजिक सहभागिता, सम्मान एवं आपसी सौहार्द का संदेश दिया।












