जलालपुर/अंबेडकर नगर
जनपद अंबेडकर नगर के जलालपुर क्षेत्र अंतर्गत थाना जैतपुर में मिशन शक्ति अभियान के तहत नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन को लेकर जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का नेतृत्व थाना अध्यक्ष प्रेमचंद कनौजिया ने पुलिस टीम के साथ किया।
मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत एसबीएस कॉलेज, मठिया की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक रैली में भाग लिया। रैली एसबीएस कॉलेज, मठिया से शुरू होकर थाना जैतपुर होते हुए नेवादा बाजार तक निकाली गई। इस दौरान छात्राओं ने महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया।
रैली में स्कूली छात्राओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। छात्राओं की भागीदारी ने महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया। मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित करना तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है।
इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों से समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना मजबूत होती है और बालिकाओं को निर्भीक होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।





















