अम्बेडकरनगर
अकबरपुर नगर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने की तैयारी तेज हो गई है। सेफ सिटी योजना के तहत शहर के आठ प्रमुख और संवेदनशील स्थानों पर हाईटेक सीसीटीवी कैमरेplp लगाए जाएंगे। करीब 80 लाख रुपये की लागत वाली इस परियोजना की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब वर्क ऑर्डर जारी होने के बाद कैमरे लगाने का काम शुरू कराया जाएगा।
नगर पालिका की ओर से शहर के प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों को चिह्नित किया गया है। यहां सीसीटीवी कैमरों के साथ साउंड सिस्टम और सर्विलांस सिस्टम भी लगाया जाएगा। इससे शहर में आने-जाने वाले वाहनों के साथ ही प्रमुख मार्गों और संवेदनशील इलाकों पर लगातार नजर रखी जा सकेगी।
योजना के तहत गौहन्ना चौराहा, पटेल नगर तिराहा, न्यौतरिया, तहसील तिराहा, संघतिया, दोस्तपुर चौराहा, फव्वारा तिराहा और मालीपुर पुलिस चौकी को शामिल किया गया है।
सभी कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग नगर पालिका कार्यालय में तैयार किए जा रहे मुख्य कंट्रोल रूम से की जाएगी। किसी आपराधिक घटना, विवाद या संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में कैमरों की रिकॉर्डिंग पुलिस के लिए महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित हो सकती है।
हाईटेक सर्विलांस सिस्टम से सिर्फ सुरक्षा ही नहीं, बल्कि यातायात व्यवस्था पर भी नजर रखी जाएगी। प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जाम अथवा किसी अप्रिय घटना की स्थिति में कंट्रोल रूम के जरिए तत्काल जानकारी मिलने में मदद मिलेगी।
नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश वर्मा ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब वर्क ऑर्डर जारी करने की प्रक्रिया चल रही है। औपचारिकताएं पूरी होते ही शहर में कैमरे लगाने का कार्य शुरू करा दिया जाएगा।






















