मुडिला/सुल्तानपुर में जनगणना को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। जिले में इसके लिए 5,577 गणना ब्लॉक बनाए गए हैं।
बुधवार को दोपहर 12 बजे डीएम इंद्रजीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बार नागरिकों को पहली बार घर बैठे ऑनलाइन अपनी जानकारी भरने की सुविधा मिलेगी। इसके लिए 16 नवंबर से स्व-गणना की प्रक्रिया शुरू होगी।
*16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्व-गणना*
डीएम के मुताबिक, स्व-गणना 16 से 30 नवंबर 2026 तक होगी। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक और पर्यवेक्षक घर-घर जाकर जानकारी जुटाएंगे। बेघर लोगों की गणना 4 जनवरी को सूर्यास्त के बाद की जाएगी।
इस काम के लिए जिले में 4,841 प्रगणक और 753 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। स्व-गणना के दौरान नागरिकों को 40 सवालों के जवाब देने होंगे। इसके लिए किसी दस्तावेज को जमा करने की जरूरत नहीं होगी। प्रशासन ने लोगों से सही जानकारी देने की अपील की है।
*परिवार और व्यक्तिगत जानकारी से जुड़े होंगे सवाल*
स्व-गणना फॉर्म में नाम, उम्र, वैवाहिक स्थिति, धर्म, जाति, मातृभाषा, शिक्षा, रोजगार, पलायन, दिव्यांगता और डिजिटल साक्षरता से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। इसके अलावा बैंक खातों की संख्या, आधार नंबर, मतदाता पहचान-पत्र, पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित जानकारी भी मांगी जाएगी।
जनगणना के दौरान लोगों की संख्या के साथ परिवारों की सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक स्थिति से जुड़ी जानकारी जुटाई जाएगी। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के अलावा अन्य जातियों की भी व्यक्तिगत स्तर पर गणना किए जाने की बात कही गई है।
*के मास न्यूज़ के लिए विवेक कुमार की रिपोर्ट।*

















