गाजीपुर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार जनपद में आगामी 12 सितम्बर 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय लोक अदालत जनपद न्यायालय गाजीपुर, वाह्य न्यायालय सैदपुर एवं मुहम्मदाबाद तथा ग्राम न्यायालय जखनियां एवं जमानियां के साथ-साथ अन्य संबंधित सरकारी प्रतिष्ठानों में आयोजित की जाएगी। राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन तथा आमजन को विधिक सेवा एवं सहायता कार्यक्रमों की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजीपुर की ओर से जागरूकता रैली निकाली गई। माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजीपुर जय प्रकाश यादव ने जनपद न्यायालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश ने आमजन से राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अपने लंबित एवं समझौता योग्य मामलों का निस्तारण कराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोक अदालत आमजन को सरल एवं सुलभ तरीके से विवादों के समाधान का अवसर प्रदान करती है। इसके माध्यम से आपसी सहमति एवं सुलह-समझौते के आधार पर मामलों का निस्तारण कराया जा सकता है। राष्ट्रीय लोक अदालत में उत्तराधिकार प्रमाण पत्र, छोटे एवं लघु दाण्डिक वाद, पारिवारिक वाद, धारा-138 एन.आई. एक्ट से संबंधित मामले, स्टाम्प एवं पंजीयन वाद, मोटर अधिनियम वाद, चकबंदी वाद, श्रम वाद, उपभोक्ता फोरम के मामले, बाट-माप अधिनियम से संबंधित वाद, कराधान प्रकरण तथा बिजली चोरी से संबंधित मामलों सहित राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा निर्देशित विभिन्न प्रकरणों का निस्तारण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सुलह-समझौता एवं मध्यस्थता के माध्यम से वैवाहिक विवादों को भी परिपक्व कर आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण का प्रयास किया जा रहा है। संबंधित विभागों एवं न्यायिक संस्थानों को अपने-अपने स्तर से पात्र मामलों को चिन्हित कर लोक अदालत में प्रस्तुत करने के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जागरूकता रैली के माध्यम से लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत की तिथि, आयोजन स्थल तथा इसके माध्यम से उपलब्ध होने वाली विधिक सेवाओं के संबंध में जानकारी दी गई। आमजन से अपील की गई कि, वे अपने ऐसे मामलों को, जो लोक अदालत में निस्तारित किए जा सकते हैं, निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रस्तुत कर इस अवसर का लाभ उठाएं।
इस अवसर पर संजय हरी शुक्ला, पीठासीन अधिकारी मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण गाजीपुर, शैलोज चन्द्र, प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय गाजीपुर, शक्ति सिंह, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/नोडल अधिकारी लोक अदालत, विजय कुमार-IV, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/त्वरित न्यायालय, नीरज गोंड, सचिव पूर्णकालिक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गाजीपुर, राजेन्द्र विक्रम सिंह, अध्यक्ष सिविल बार एसोसिएशन गाजीपुर सहित अन्य न्यायिक अधिकारीगण, बैंक के पदाधिकारी एवं कर्मचारी तथा पराविधिक स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि 12 सितम्बर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित कर अपने मामलों के त्वरित एवं आपसी सहमति से निस्तारण का लाभ उठाएं।
जय प्रकाश चंद्रा, ब्यूरो चीफ गाजीपुर


















